पंजाब के कपूरथला के जिले के सुल्तानपुर लोधी थाना क्षेत्र के गांव शाहजहांपुर में शुक्रवार को एक किसान की मोटर पर एक युवक का शव मिला। जिसकी पहचान जालंधर के थाना लोहियां क्षेत्र के वाड़ा बोध सिंह वाला निवासी सुखदीप सिंह पुत्र मंगल सिंह के रूप में हुई है। ग्रामीणों द्वारा सूचना मिलते ही थाना सुल्तानपुर लोधी के एसएचओ हरगुरदेव सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के पास से एक स्प्लेंडर बाइक (नंबर पीबी 08 डीएम 5564) और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मामले की जांच में जुटी पुलिस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरगुरदेव सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक की मृत्यु कड़ाके की ठंड के कारण हार्ट अटैक से हुई हो सकती है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी के शवगृह में रखवा दिया है। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और आगे की कार्रवाई उनके आने के बाद की जाएगी।


