कपूरथला के भुलत्थ क्षेत्र में एक किराना दुकानदार की ईंट मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान खैरबाद तलवंडी निवासी गुरमीत लाल उर्फ गीता के रूप में हुई है। वह खैरबाद बस स्टैंड के पास आलमपुर बक्का रोड पर ग्रीन पैलेस के नजदीक अपनी दुकान चलाता था। मृतक के छोटे भाई मलकीत सिंह ने बताया कि बीती रात गांव के तीन युवकों द्वारा गुरमीत लाल को परेशान किए जाने पर कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर झगड़े के दौरान एक युवक ने गुरमीत लाल के सिर पर ईंट से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव डीएसपी भुलत्थ करनैल सिंह ने जानकारी दी कि मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि परिवार के अन्य सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच कर रही पुलिस पुलिस ने मृतक की पुत्री रूबक के बयान पर आरोपी गोरा पुत्र सतनाम सिंह (निवासी गांव बाड़ा) के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की जांच जारी है।


