कबाड़ की 5 दुकानों में चोरी, एक आरोपी गिरफ्तार, दो साथी फरार

लुधियाना| कोहाड़ा-साहनेवाल रोड पर गिल चिकन के पास स्थित कबाड़ की पांच दुकानों में बीती रात चोरी की वारदात सामने आई है। चोरी कर फरार हो रहे एक आरोपी को थाना कूमकलां की पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित दुकानदार गांव कोहाड़ा निवासी प्रिंस कुमार ने बताया कि वह उक्त स्थान पर कबाड़ की पांच दुकानें चलाता है। देर रात उसे सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने उसकी दुकानों के ताले तोड़कर अंदर रखा कबाड़ चोरी कर लिया है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा और पुलिस को मामले की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना कूमकलां की पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी की। इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। थाना कूमकलां के एएसआई सवर्ण चंद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव कोहाड़ा निवासी गौरव वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस फरार आरोपियों चांद और रवि की तलाश कर रही है। जांच अधिकारी सवर्ण सिंह के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से कबाड़ के दो बोरे और एक कार बरामद की गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी गौरव वर्मा के खिलाफ मोहाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से दो मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को वीरवार सुबह अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *