बिना बिल एमटीपी किट बेचने वाली फर्मों पर कसा शिकंजा

लुधियाना| पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के निर्देशों और डिप्टी कमिश्नर लुधियाना हिमांशु जैन के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग ने शहर में एमटीपी किट की अवैध बिक्री और खरीद को लेकर विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान मेडिकल स्टोरों और दवा फर्मों की गहन जांच की गई। यह कार्रवाई जोनल लाइसेंसिंग अथॉरिटी लुधियाना दिनेश गुप्ता की देखरेख में की गई। अभियान में ड्रग कंट्रोल ऑफिसर लुधियाना-2 रूपिंदर कौर और ड्रग कंट्रोल ऑफिसर लुधियाना-3 नवदीप संधू के नेतृत्व में गठित टीमों ने हिस्सा लिया। निरीक्षण के दौरान कुल पांच फर्मों की जांच की गई। इनमें से तीन फर्में बिना वैध खरीद बिल के एमटीपी किट का बिना बिक्री बिल जारी किए दवाओं की बिक्री करती पाई गईं। यह ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट और संबंधित नियमों का सीधा उल्लंघन है। स्वास्थ्य विभाग ने दोषी पाई गई फर्मों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है और उन्हें शो-कॉज नोटिस जारी किए जाएंगे। मामले की विस्तृत जांच जारी है। डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने कहा कि एमटीपी किट जैसी संवेदनशील दवाओं की अवैध बिक्री को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने सभी केमिस्टों और दवा विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि दवाओं की खरीद और बिक्री केवल तय नियमों और कानूनी प्रावधानों के अनुसार ही की जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *