कबीर कुटी की सौदेबाजी का वीडियो वायरल, बवाल

भास्कर न्यूज| बसना ग्रामीण बीते दिनों विधायक संपत अग्रवाल के ग्राम पिरदा के कबीर कुटी के भूमि के सौदेबाजी के संबंध में वायरल एक वीडियो को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। कार्यकर्ताआंे ने इसे विधायक के खिलाफ साजिश बताते हुए वीडियो वायरल करने वाले के खिलाफ बसना थाने में शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी ने कहा कि विधायक की छवि धूमिल करने के प्रयास ने क्षेत्र में राजनैतिक उबाल ला दिया है। फेक न्यूज के जरिए विधायक की छवि धूमिल करने की को​शिश की गई है। मामले में आरोपी महंत हरीशचंद्र दास के खिलाफ इलाके के कई थानों में एफआईआर दर्ज कराई गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने सोशल मीडिया पर मनगढ़ंत वीडियो प्रसारित किया है। वीडियो में दावा किया गया कि 2 फरवरी को विधायक संपत अग्रवाल ने कलेक्टर के साथ पिरदा गांव का दौरा किया। वहां कबीर कुटी की पवित्र भूमि के सौदेबाजी या बंदरबांट की योजना बनाई। कार्यकर्ताओं ने आरोपी के इन दावों को नकार दिया है। उन्होंने बताया कि जिस दिन की घटना का जिक्र किया जा रहा है, उस दिन विधायक कलेक्टर के साथ पिरदा में मौजूद ही नहीं थे। मामले में बसना टीआई सरद दुबे ने कहा कि शिकायत मिली है। प्राथमिक तौर पर यह मामला न्यायालय में मानहानि का बनता है। जांच चल रही है। चार थानों में शिकायत, कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश: इस अपमानजनक कृत्य से नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने पिथौरा, सांकरा, बसना और भंवरपुर पुलिस थानों में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। साक्ष्य के तौर पर वीडियो वाली पेन ड्राइव पुलिस को सौंपी हैं। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी न हुई, तो उग्र आंदोलन होगा। आरोप: सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी महंत का उद्देश्य केवल अफवाह फैलाना नहीं, बल्कि विभिन्न समुदायों के बीच नफरत फैलाना है। कार्यकर्ताओं का यह भी कहना है कि आरोपी स्वयं तरेकेला की कीमती भूमि के संबंध में अनुचित लाभ उठाने की फिराक में है। अपनी करतूत छिपाने के लिए विधायक पर कीचड़ उछाल रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *