भास्कर न्यूज | सीपत एनटीपीसी सीपत के फ्लाई ऐश कांटा घर (कंटेनर) में हुई लाखों की चोरी का सीपत पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी में शामिल चार आरोपियों, दो नाबालिग और चोरी का सामान खरीदने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से एसी, इन्वर्टर, कंप्यूटर, प्रिंटर सहित करीब 4.33 लाख रुपए का पूरा सामान बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार वयस्क आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया, जबकि दो नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड बिलासपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया। प्रार्थी अनंत कुमार वाष्णेय (47), अपर महाप्रबंधक ऐश मैनेजमेंट विभाग, एनटीपीसी सीपत ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम कौड़िया के पास राखड़ डेम स्थित दो कांटा (कंटेनर) घरों के ताले टूटे मिले। इन कंटेनरों से एसी, इन्वर्टर-बैटरी, डिस्प्ले यूनिट, कंप्यूटर सेट, प्रिंटर, टेबल-कुर्सी समेत कुल 4,33,000 रुपए का सामान चोरी हो गया था। पुलिस ने टीम गठित कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर जांजी क्षेत्र के कुछ युवकों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया। संदेही विष्णु सोनकर की पूछताछ में उसने अमन खरे, गुलशन कुमार बंजारे, यश कुमार डोंगरे और दो अपचारी बालकों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ के दौरान चोरी के सामान का कुछ हिस्सा बेचने की जानकारी भी मिली।मामले में पुलिस ने अमन खरे, निवासी जांजी, विष्णु सोनकर निवासी जांजी, गुलशन कुमार बंजारे निवासी जांजी, यश कुमार डोंगरे निवासी जांजी दो विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। साथ ही चोरी के सामान के खरीदार कृष्ण कुमार निवासी सीपत, गौतम खांडे निवासी जांजी, ईश्वर पटेल निवासी पंधी को भी पकड़कर जेल भेज दिया गया है। आरोपियों से जब्त सामान 2 एसी, 2इन्वर्टर (बैटरी सहित), 3 डिस्प्ले यूनिट (2 छोटी, 1 बड़ी), 2 कंप्यूटर सेट, 1 प्रिंटर, 2 कुर्सी 1 टेबल जब्त किया गया है। इसकी कुल कीमत लगभग 4,33,000 रुपए है।


