जयपुर | राजस्थान कम्प्यूटर टीचर एसोसिएशन की ओर से विभिन्न मांगों को लेकर शहीद स्मारक पर एक दिवसीय धरने का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न जिलों से आए कम्प्यूटर अनुदेशकों ने कैडर विस्तार करने, वेतन विसंगति दूर करने, समान कार्य समान वेतन की व्यवस्था लागू करने सहित कई मांगे उठाईं और विरोध प्रदर्शन किया। अमृता चौधरी बोलीं- प्रदेश डिजिटल शिक्षा में लगातार पिछड़ रहा है एसोसिएशन की अध्यक्ष अमृता चौधरी ने बताया कि राजस्थान डिजिटल शिक्षा में लगातार पिछड़ रहा है। यहां गरीब किसान मजदूर वर्ग के नौनिहालों को डिजिटल शिक्षा से दूर रखा जा रहा है। यही कारण है कि अभी तक महात्मा गांधी राजकीय विद्यालयों में द्वितीय चरण के कंप्यूटर अनुदेशकों के पदस्थापन आदेश जारी नहीं किए गए। चौधरी ने कहा कि शाला दर्पण पोर्टल पर कम्प्यूटर विज्ञान विषय की मैपिंग करने, कम्प्यूटर अनुदेशकों की वरिष्ठता सूची जारी करने, प्रत्येक राजकीय उच्च माध्यमिक में बेसिक कम्प्यूटर अनुदेशक का पद सृजित करने, इन पदों पर नियमित भर्ती निकालने सहित कई अन्य मांगे भी उठाई गई।


