करणीसर भटियानः सोलर प्लांट पर 193 खेजड़ी काटने, तहसील कर्मियों को रोकने पर केस दर्ज

पूगल तहसील के करणीसर भटियान में सोलर प्लांट के सुरक्षा गार्ड्स के खिलाफ पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। करणीसर भटियान में एनएचपीसी लिमिटेड कंपनी का सोलर प्लांट लगा हुआ है। वहां पर दो दिन में खेजड़ी के 193 पेड़ काट दिए गए। सूचना मिलने पर पूगल के नायब तहसीलदार सुभाष मीणा, पटवारी हंसराज और गिरदावर सहित टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उन्हें सुरक्षा गार्ड्स ने बाहर ही रोक दिया। तहसील का दल काफी देर तक बाहर खड़ा रहा। बाद में प्लांट के अधिकारियों से बात करने के बाद अंदर जा सका। इसे लेकर पटवारी हंसराज की रिपोर्ट पर पूगल थाने में प्लांट के सुरक्षा गार्ड्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बीकानेर जिले में सोलर प्लांट के लिए खेजड़ी के पेड़ों की अवैध कटाई धड़ल्ले से चल रही है। ऐसा पहली बार हुआ है जब तहसील के अधिकारियों ने प्लांट के सुरक्षा गार्ड्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पिछले 5-6 सालों में ऐसे मामले कई बार हो चुके हैं, लेकिन तहसील प्रशासन ने कभी कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इसी प्रकार भवानीपुर में एकमे सोलर कंपनी की लीज धारी जमीन पर खेजड़ी के 497 पेड़ काटे गए थे। कंपनी को लीज पर जमीन देने वाले किसानों ने पूगल एसएचओ को परिवाद देकर खेजड़ी काटने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा है कि जमीन लीज पर देते समय यह शर्त रखी गई थी कि खेजड़ी के पेड़ नहीं काटे जाएंगे, लेकिन कंपनी ने इसका पालन नहीं किया। कलेक्टर के खिलाफ एसीबी से जांच की मांग : जिले में सोलर प्लांट लगाने के लिए राज्य वृक्ष खेजड़ी की अवैध रूप से कटाई करवाने के मामले में जिला कलेक्टर के खिलाफ एसीबी से जांच की मांग जीव रक्षा संस्था ने की है। संस्था के अध्यक्ष मोखराम बिश्नोई ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। बिश्नोई ने लिखा है कि सभी पेड़ों को चिन्हित कर उनकी गिनती करवाई जाए और पेड़ों को काटने पर पूर्ण रूप से पाबंदी लगाई जाए। पेड़ों को काटने पर उनके साथ बड़ी संख्या में जीव जंतु भी मार रहे हैं। मामूली जुर्माना लगाकर सोलर कंपनियों को छोड़ा जा रहा है। आत्मदाह की दी चेतावनी : राज्य वृक्ष खेजड़ी के पेड़ काटने का विरोध तेज हो गया है। शुक्रवार को संभागीय आयुक्त से मिले पर्यावरण प्रेमियों के शिष्टमंडल ने आत्मदाह की चेतावनी दी है। वन्य जीव प्रेमी रक्षपाल बिश्नोई कालासर, भानीपुरा और करणीसर भटियान में पिछले कुछ दिनों में करीब 1300 खेजड़ी के पेड़ों की कटाई को लेकर आहत हैं। उन्होंने संभागीय आयुक्त को ज्ञापन देकर कहा है कि पिछले 3 साल से जिले में खेजड़ी के पेड़ों की अवैध कटाई हो रही है और जिला कलेक्टर का ऐसे लोगों को संरक्षण है। रक्षपाल बिश्नोई ने घोषणा की है कि अब कहीं पर खेजड़ी की कटाई होगी तो वह कलेक्टर कार्यालय के समक्ष आत्मदाह कर लेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *