अशोकनगर जिले में नववर्ष 2026 के अवसर पर शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। कलेक्टर आदित्य सिंह और पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देश पर, प्रमुख पर्यटन स्थलों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कलेक्टर आदित्य सिंह ने बताया कि चंदेरी के पर्यटन स्थलों और करीला माता मंदिर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसे देखते हुए, सुरक्षा की दृष्टि से राजस्व, ग्रामीण और नगरीय प्रशासन की टीमों के साथ पुलिस जवानों को भी तैनात किया गया है। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने नववर्ष को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने हेतु जिलेभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। इसके तहत, प्रमुख स्थानों, बाजारों, पर्यटन स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग और सघन वाहन चेकिंग की जाएगी। पुलिस ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी करते हुए अपील की है कि शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, ओवरस्पीडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा, और तीन सवारी बैठाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। कोहरे की संभावना को देखते हुए रात में अनावश्यक यात्रा से बचने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की सलाह दी गई है। सार्वजनिक स्थानों पर सड़क जाम करने, हुड़दंग मचाने या अव्यवस्था फैलाने वाली किसी भी प्रकार की पार्टी पर प्रतिबंध रहेगा। किसी भी कार्यक्रम के आयोजकों को पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा और उन्हें निर्धारित समय पर कार्यक्रम समाप्त करना होगा। डीजे और लाउडस्पीकर बजाने के लिए शासन द्वारा निर्धारित नियमों और समय-सीमा का पालन करना भी अनिवार्य होगा। अशोकनगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे नववर्ष का स्वागत कानून के दायरे में रहकर, सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्ण तरीके से करें। पुलिस प्रशासन को सहयोग प्रदान कर जिले में शांति और व्यवस्था बनाए रखने में मदद करें।


