जिले में 19 से 25 दिसंबर तक सुशासन सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। सुशासन सप्ताह अंतर्गत ‘प्रशासन गांव की ओर’ अभियान चलाकर जन समस्याओं का निराकरण कर अधिक से अधिक व्यक्तियों को सेवाओं का लाभ दिया जा रहा है। इस मौके पर जिले में नवाचार करने वाले हितग्राहियों ने नवाचार के संबंध में अपने अनुभव साझा किए। धुंधडका गौशाला के अध्यक्ष आसाराम पाटीदार और सरपंच ने अपने अनुभव शेयर किए। सरपंच ने गौशाला में सोलर सिस्टम लगवाया था। वहीं, पाली हाउस में पान की खेती करने वाले अनिल बंबोरिया और दानेदार जैविक खाद बनाने वाले ईश्वर अटेला ने भी अपने अनुभव सभी को बताए। इस मौके पर मुख्य अतिथि और पूर्व एडीएम राजावत ने कहा कि सभी अधिकारियों को अपने कर्तव्यों का भली-भांति निर्वहन करना चाहिए। किसी व्यक्ति को सही सलाह और मार्गदर्शन देना भी किसी सुशासन से कम नहीं है। सभी व्यक्तियों को समय का पाबंद होना चाहिए। योजनाओं को लोगों तक अच्छे से पहुंचाए।


