भास्कर न्यूज | टोंक राजस्थान सरकार के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में हो रहे कार्यक्रमों की शृंखला में रविवार को स्वच्छता जागरूकता व श्रमदान किया गया। कलेक्टर कल्पना अग्रवाल ने टोंक शहर के ऐतिहासिक चतुर्भुज तालाब पर सफाई कर यह संदेश दिया कि स्वच्छता सिर्फ सरकार व प्रशासन के भरोसे नही छोडे़ं। कलेक्टर ने हाथों में झाडू लिए तालाब किनारे ना सिर्फ सफाई की। बल्कि तालाब के अंदर गंदगी को भी पंजा फावड़े से साफ किया। कलेक्टर ने कार्यक्रम के जरिए शहरी क्षेत्रों, जिला स्तर व पंचायत स्तर पर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर सहभागिता बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करते हुए जिलेवासियों से अपील की कि जैसे हर व्यक्ति, अपने घर में साफ-सफाई रखता है, उसी प्रकार हमारी यह जिम्मेदारी है कि हम अपनी गली, मोहल्ले, शहर को स्वच्छ रखने में अपनी भागीदारी निभाएं। हम यह नही समझें कि स्वच्छता रखना केवल सरकार की जिम्मेदारी है, जब तक हर आम आदमी इस अभियान से नहीं जुड़ेगा, तब तक हम अपने शहर को स्वच्छ व सुन्दर नहीं बना पाएंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता से हमारे शारीरिक एवं मानसिक विकास पर भी गहरा असर पड़ता है। पूर्व सभापति लक्ष्मी जैन ने कहा कि सभी शहरवासियों को स्वच्छता बनाए रखने में अपना सहयोग करना चाहिए, ताकि हमारा टोंक स्वच्छ व सुन्दर रहे। इस दौरान एडीएम रामरतन सौंकरिया, सीईओ परशुराम धानका, नगर परिषद आयुक्त धर्मपाल जाट, जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबनधक संजय जैन, रीको के क्षेत्रीय प्रबन्धक सीताराम मीना सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने तालाब के चारों और सफाई व श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। सोमवार को चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग की ओर से रक्तदान व आरोग्य कैम्प और पशु पालन विभाग के तत्वावधान में गो-सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।


