खाद्य विभाग ने राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस पर जागरूकता के लिए जिला स्तरीय कार्यक्रम का कलेक्ट्रेट के जनसुनवाई कक्ष में आयोजन किया। प्रदर्शनी के माध्यम से उपकरणों का सत्यापन, पेट्रोल पंप पर बरती जाने वाली सावधानियां और गुणवत्ता की जानकारी दी गई। आयोजन में उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष सुरेश कुमार चौबे, अपर कलेक्टर अखिलेश जैन, डिप्टी कलेक्टर एवं जिला आपूर्ति अधिकारी मंजूषा खत्री, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आशीष चतुर्वेदी और वर्षा बडोनिया, खाद्य सुरक्षा अधिकारी नवीन जैन और रवि शिवहरे, नापतोल विभाग से लक्ष्मीचंद खन्वी उपस्थित रहे। उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए खाद्य विभाग से संबंधित प्रदर्शनी लगाई गई। औषधि विभाग ने अमिश्रण की जानकारी दी। खाद्य विभाग ने विभागों के वाद-विवाद और प्रकरणों के संबंध में जानकारी दी। नापतोल विभाग द्वारा सभी उपकरणों का सत्यापन पेट्रोल पंप के सावधानियां व गुणवत्ता की जानकारी दी गई। एटीएम कार्ड पर बीमा के बारे में जानकारी दी
उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग अध्यक्ष सुरेश कुमार चौबे ने एटीएम कार्ड पर बीमा के संबंध में जानकारी दी। बताया कि प्रत्येक एटीएम कार्ड धारी का बीमा एटीएम कार्ड जारी करते समय किया जाता है, जिसमें शर्त यह है कि 90 दिवस के अंदर एटीएम से ट्रांजेक्शन करना जरूरी रहता है, लेकिन हितग्राहियों को इस संबंध में जानकारी न होने के कारण इसका लाभ नहीं लिया जाता है। इसके अलावा प्रधानमंत्री अटल ज्योति योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना के संबंध में जानकारी दी गई। सरकारी वकील अलंकार वशिष्ट ने बताया कि 1974 से ग्राहक पंचायत उपभोक्ताओं को जागरूक करने में सतत कार्य कर रही है। वर्ष 2024 में इसका स्वर्ण जयंती वर्ष बनाया जा रहा है। उनके द्वारा MRP के साथ-साथ फर्स्ट सेलिंग प्राइस के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।


