भिंड के दबोह नगर परिषद क्षेत्र में दो बीघा सरकारी जमीन पर माफियाओं ने कब्जा कर नोटरी करवा ली। इसके बाद बेच दिया। शिकायत मिलने पर एसडीएम लहार विजय यादव मौके पर पहुंचे। तहसीलदार राजकुमार नागोरिया और नायब तहसीलदार रमाशंकर शर्मा को जांच के आदेश दिए। इसके बाद तहसीलदार नागोरिया ने मौके पर पहुंचकर शासकीय सर्वे क्रमांक 240 का सारा एप्लिकेशन के जरिए भौतिक सत्यापन किया। जांच में पता चला कि शासकीय भूमि पर 10-11 अवैध संरचनाएं बनाकर टीन शेड डाले गए हैं। एक अतिक्रमणकारी ने 50×50 फीट का प्लॉट घेरकर उसमें कमरा बना लिया है। प्रारंभिक जांच में 17 अवैध नोटरी का खुलासा हुआ है। सख्त कार्रवाई की तैयारी
एसडीएम विजय यादव ने निर्देश दिए कि इन अवैध नोटरी की विस्तृत जानकारी जुटाकर दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। नायब तहसीलदार रमाशंकर शर्मा ने अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा है। यदि वे वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने में असमर्थ रहते हैं, तो सरकारी भूमि पर से कब्जा हटाने और अवैध संरचनाओं को तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।


