रांची | हॉकी की दीवानी रांची में रविवार 12 जनवरी से वीमेंस हॉकी इंडिया लीग का रोमांच देखने को मिलेगा। चारों टीम दिल्ली एसजी पाइपर्स, ओडिशा वॉरियर्स, बंगाल टाइगर्स व सूरमा हॉकी क्लब पहुंच चुकी है। शुक्रवार को प्रैक्टिस व फ्रेंडली मैच हुए, जिसमें सभी टीमों की खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। एक साथ भारतीय टीम में खेलने वाली खिलाड़ी अलग-अलग टीम के साथ वीमेंस एचआईएल में एक-दूसरे के साथ भिड़ेंगी। मैच से पहले सभी खिलाड़ी एक-दूसरे से गले िमले व खूब मस्ती हुई। मैच मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में होंगे। मेहंदी लगाए दिखीं विदेशी खिलाड़ी लीग में भारत के साथ कई अन्य देशों की खिलाड़ी भी खेल रही हैं। विदेशी खिलाड़ी इंडियन कल्चर को जानने और सीखने की कोशिश कर रही हैं। कई विदेशी खिलाड़ी हाथों में मेहंदी लगाए दिखीं। ओडिशा वॉरियर्स की विदेशी खिलाड़ी गुरुवार को जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना भी की थी। 26 जनवरी को होगा वीमेंस एचआईएल का फाइनल मुकाबला सार्वजनिक छुट्टी के दिन (26 जनवरी) वीमेंस एचआईएल का फाइनल मुकाबला है, जिससे इस दिन रिकॉर्ड भीड़ उमड़ने की संभावना है। 12 जनवरी को दिल्ली एसजी पाइपर्स व ओडिशा वॉरियर्स के बीच मुकाबला होगा। 13 जनवरी को बंगाल टाइगर्स बनाम सूरमा हॉकी क्लब के बीच मैच होगा। 14 जनवरी को दिल्ली एसजी पाइपर्स बनाम बंगाल टाइगर्स व 15 जनवरी को ओडिशा वॉरियर्स बनाम सूरमा हॉकी क्लब के बीच मैच है। 26 जनवरी को प्रथम रैंक पूल बनाम द्वितीय रैंक पूल के बीच फाइनल मुकाबला होगा। मेंस के 4 मुकाबले भी रांची में होंगे। 18 जनवरी को हैदराबाद तूफांस बनाम तमिलनाडु ड्रैगन्स, गोनासिका बनाम यूपी रुद्राज, 22 जनवरी दिल्ली एसजी पाइपर्स व सूरमा हॉकी क्लब और 24 जनवरी को बंगाल टाइगर्स बनाम वेदांता कलिंगा लांसर्स के बीच मैच होगा। प्रैक्टिस मैच में दो टीमों की खिलाड़ियों ने जमकर पसीना बहाया। दो टीम की खिलाड़ी महीनों बाद मिलीं तो गले लग गईं। सूरमा हॉकी क्लब में शामिल सलीमा टेटे ने अन्य खिलाड़ियों के साथ मोरहाबादी एस्ट्रोटर्फ मैदान में प्रैक्टिस की।


