भास्कर न्यूज | कोरबा पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के कसनिया और सुतर्रा में गुरुवार को प्रशासन की टीम ने राइस मिलों की जांच की। इसमें दो राइस मिल में अतिरिक्त धान और चावल और एक में धान की कमी मिलने पर गोदामों को सील कर दिया। राइस मिल संचालक दस्तावेज नहीं दिखा सके। एसडीएम मनोज कुमार बंजारे के साथ प्रशासन की टीम ने 7 राइस मिलों की जांच की। सत्यापन के दौरान श्रीराम राइस मिल कसनिया के गोदाम की भी जांच की, जहां 1229.20 क्विंटल अतिरिक्त धान और 1500 क्विंटल अतिरिक्त चावल पाया। मिल संचालक से पूछताछ करने पर दस्तावेज नहीं मिला। इस वजह से गोदाम को सील कर दिया। इसी तरह कुशल राइस मिल सुतर्रा में 749.44 क्विंटल धान की कमी पाई गई। उसके खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। चार राइस मिल में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं पाई गई। टीम में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सहायक खाद्य अधिकारी, मंडी उप निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक, पटवारी भी शामिल रहे।


