मौसम रिपोर्टर | बिलासपुर पिछले चार दिनों में शहर का न्यूनतम तापमान ढाई डिग्री गिर गया है। इस वजह से ठंड ने फिर से लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। मौसम वैज्ञानिक इस बार ठंड का ट्रेंड जारी रहने की संभावना जता रहे हैं। यानी यदि ट्रेंड जारी रहा तो इस बार दिसंबर के 2019 में दर्ज 6.5 डिग्री का रिकॉर्ड भी टूट सकता है। विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री की गिरावट हो सकती है। मौसम वैज्ञानिक इस दिसंबर पिछले साल से ज्यादा ठंड पड़ने की संभावना जता रहे हैं। उनका कहना है कि इस बार ठंड का ट्रेंड विगत चार-पांच वर्षों से अलग ही है। नवंबर में भी ज्यादा ठंड पड़ी और दिसंबर में भी अच्छी ठंड पड़ने की पूरी संभावना है। यदि बीते चार दिन के तापमान की बात करें तो 1 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री था जो 2 दिसंबर को घटकर 15 डिग्री, 3 दिसंबर को और कम होकर 14.1 डिग्री पहुंच गया। वहीं, गुरुवार को यह 13.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। पहले तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज हो रहा था, लेकिन अब यह सामान्य से कम रिकॉर्ड हो रहा है। हालांकि अधिकतम तापमान में बहुत अंतर नहीं आया है। जिले में दिसंबर के तीसरे सप्ताह में पड़ती है कड़ाके की ठंड मौसम विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो जिले में दिसंबर के तीसरे सप्ताह में सबसे ज्यादा ठंड पड़ती है। हालांकि 2022 में ही ऐसा हुआ कि पारा सबसे ज्यादा लुढ़का। तब यह 10.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था। बीते तीन साल यानी 2020, 2021 और 2023 में 20 दिसंबर को उस माह का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ था। ये क्रमश: 7.8, 7 व 10.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था। वहीं, पिछले साल यानी 2024 में 17 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री दर्ज हुआ था, जबकि 18 दिसंबर 2016 को 8.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था। 2015 में 26 दिसंबर को 7.8 डिग्री, 26 दिसंबर 2017 को 9.1 डिग्री तो 30 दिसंबर 2018 को 7.2 डिग्री दर्ज हुआ था। 29 दिसंबर 2019 को 10 वर्ष का न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री दर्ज हुआ था।


