कसरावद में सिंचाई समस्या पर विधायक का दौरा:किसानों ने पानी की कमी बताई, अफसरों को नियमित निरीक्षण के निर्देश

विधायक सचिन यादव ने गुरुवार दोपहर कसरावद क्षेत्र की सिंचाई परियोजनाओं का दौरा किया। उन्होंने किसानों को आ रही समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान वे नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण की माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना बलकवाड़ा, पंप हाउस बाल्यापुर, खेड़ी तालाब अघावन और अपर जामला तालाब (खेड़ी) पहुंचे। विधायक ने पंप हाउस बाल्यापुर में मशीनरी, विद्युत आपूर्ति, संचालन व्यवस्था और जल वितरण क्षमता की जानकारी ली। किसानों ने विधायक को बताया कि तकनीकी समस्याओं के कारण उन्हें समय पर सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पाता। इससे फसलों को नुकसान होता है। विधायक ने अधिकारियों को इन समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए। खेड़ी तालाब अघावन और अपर जामला तालाब (खेड़ी) के निरीक्षण के दौरान जल संग्रहण, नहरों की स्थिति और उनके रख-रखाव पर चर्चा हुई। किसानों ने तालाबों की सफाई, गाद निकालने और नहरों की मरम्मत की आवश्यकता पर जोर दिया। विधायक ने नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की बैठक भी ली। उन्होंने कहा कि सिंचाई से जुड़ी लापरवाही किसानों के हितों के खिलाफ है। बैठक में विधायक ने तकनीकी खामियों को प्राथमिकता से दूर करने और पंप हाउस व तालाबों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर दिया कि क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था सिंचाई पर निर्भर है, इसलिए किसानों को पर्याप्त और समय पर पानी मिलना सुनिश्चित करना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *