भास्कर न्यूज | दुमका जामा प्रखंड के सिकटिया पंचायत की छात्रा काजल कुमारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में छठी कक्षा में नामांकन के लिए बीडीओ से गुहार लगाई है। काजल दो साल पहले पढ़ाई से छूट गई थी। गरीबी के कारण किसी अन्य स्कूल में दाखिला नहीं हो सका। उसके माता-पिता बीपीएल सूची में शामिल हैं। काजल ने प्राथमिक विद्यालय सिकटिया से आवेदन किया था। सभी जरूरी प्रमाण पत्र जैसे विद्यालय प्रमाण पत्र, बीपीएल सत्यापन प्रमाण पत्र समय पर जमा किए गए थे। इसके बावजूद चयन समिति द्वारा जारी सूची में उसका नाम नहीं आया। इससे निराश होकर उसकी मां रिंकू देवी कस्तूरबा विद्यालय और ब्लॉक कार्यालय के चक्कर काट रही हैं। रिंकू देवी ने बताया कि पिछले साल भी आवेदन दिया था। सभी दस्तावेज जमा किए गए थे। तब आश्वासन मिला था कि अगले साल नामांकन हो जाएगा। इसी भरोसे उन्होंने बेटी का नाम किसी और स्कूल में नहीं लिखवाया। जब रिंकू देवी ने वार्डन छाया रानी से बात की तो उन्होंने बताया कि चयन समिति ने सूची बनाकर जिला कार्यालय भेज दी है। अगर बीडीओ आदेश दें तो नामांकन संभव है। इसी उम्मीद में रिंकू देवी शुक्रवार को जनता दरबार में बेटी को साथ लेकर पहुंचीं। उन्होंने बीडीओ को लिखित आवेदन सौंपा।बीडीओ ने आवेदन लेकर गंभीरता से विचार करने की बात कही। साथ ही नामांकन का आश्वासन भी दिया। अब देखना होगा कि काजल का दाखिला हो पाता है या नहीं।


