कांकेर जिले में त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन-2025 के दूसरे चरण का मतदान कल होगा। भानुप्रतापपुर और दुर्गूकोंदल जनपद पंचायत में सुबह पौने सात बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। भानुप्रतापपुर में 127 और दुर्गूकोंदल में 88 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल 215 मतदान केंद्रों पर 860 मतदान कर्मी चुनाव कराएंगे। मतदाता जिला पंचायत, जनपद पंचायत और ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। भानुप्रतापपुर के 16 सेक्टर और दुर्गूकोंदल के 12 सेक्टर के मतदान दलों को चुनाव सामग्री के साथ रवाना कर दिया गया है। भानुप्रतापपुर की 52 ग्राम पंचायतों में 8 केंद्रों पर महिला मतदान दलों को जिम्मेदारी दी गई है। प्रत्येक मतदान दल में एक पीठासीन अधिकारी, तीन मतदान अधिकारी, एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सुरक्षाकर्मी और कोटवार शामिल हैं। सुरक्षा के मद्देनजर मतदान केंद्रों तक पहुंचने के लिए विशेष रूट चार्ट तैयार किए गए हैं। दुर्गूकोंदल की 44 ग्राम पंचायतों में मतदान के तुरंत बाद मतगणना भी शुरू कर दी जाएगी। प्रशासन ने सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं कर ली हैं।


