कांग्रेस का एक दिवसीय उपवास:इंदौर दूषित पानी से मृतकों को दी श्रद्धांजलि, मनरेगा का नाम बदलने का जताया विरोध

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल ने शनिवार को एक दिवसीय उपवास और विरोध प्रदर्शन किया। यह कार्यक्रम जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में शहर के जयस्तम्भ चौक पर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया गया। कांग्रेस ने इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में जहरीला पानी पीने से हुई मौतों और मनरेगा का नाम बदलकर काम के कानूनी अधिकार को कमजोर करने के भाजपा सरकार के प्रयासों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। उपवास सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने भाजपा सरकार पर संवेदनहीन और गैर-जिम्मेदार होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भागीरथपुरा हादसे में 15 लोगों की मौत के बाद पत्रकारों के सवालों पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया, जो निंदनीय है। कांग्रेस ने मांग की कि ऐसे मंत्री को तत्काल पद से हटाया जाए, हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर एफआईआर दर्ज हो और मंत्री विजयवर्गीय से इस्तीफा लिया जाए। अजय अवस्थी ने आगे कहा कि मौजूदा सरकार को महात्मा गांधी से नफरत है, यही वजह है कि राष्ट्रपिता के नाम से चल रही महत्वपूर्ण योजना मनरेगा का नाम बदला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के पास कोई नई योजना नहीं है और वह कांग्रेस सरकार के समय शुरू की गई योजनाओं का केवल नाम बदलकर श्रेय लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने सरकार पर बदले की भावना से काम करने और अपनी नाकामियों से जनता का ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार की मंशा पूरी योजना को खत्म करने की है, और नाम बदलना केवल एक बहाना है। उनका कहना था कि बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की बदहाली और मजदूरों की समस्याओं जैसे वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए ‘नाम बदलने की राजनीति’ की जा रही है। इस उपवास कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष घनश्याम जयसवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश कटारे, नीरज द्विवेदी, आज़ाद बहादुर सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला ने दी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *