कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना:मनरेगा सहित योजनाओं के नाम बदलने को बताया जनविरोधी नीति

कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को जंक्शन के सुरेशिया क्षेत्र में एक जनसभा आयोजित की। यह जनसभा मनरेगा संग्राम अभियान के तहत की गई, जिसमें जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पिछले दो वर्षों से जनकल्याणकारी योजनाओं को मजबूत करने के बजाय केवल उनके नाम बदलने में लगी हुई है और कांग्रेस सरकार की योजनाओं की मूल भावना से छेड़छाड़ कर आमजन को गुमराह किया जा रहा है। मक्कासर ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में शहरों और कस्बों का सुनियोजित विकास किया गया था, लेकिन मौजूदा भाजपा सरकार के कार्यकाल में विकास के नाम पर अव्यवस्था फैली हुई है। उन्होंने शहरों में जगह-जगह टूटी सड़कों और अधूरे निर्माण कार्यों का उल्लेख किया, जिससे आम लोगों का जीवन मुश्किल हो गया है और जनता बुनियादी सुविधाओं की कमी से रोजाना परेशान हो रही है। उन्होंने मनरेगा योजना का जिक्र करते हुए कहा कि यह देश की सबसे बड़ी रोजगार गारंटी योजना रही है, जिसने गरीब, मजदूर और किसान को सम्मान के साथ रोजगार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने इसका नाम बदलकर ‘वीबी जी राम जी’ कर दिया है, लेकिन नाम बदलने से योजना की भावना नहीं बदलती। मक्कासर ने कहा कि नए बदलावों के जरिए गरीबों से उनके अधिकार छीने जा रहे हैं और रोजगार के अवसर सीमित किए जा रहे हैं। मक्कासर ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इन जनविरोधी नीतियों को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी सड़कों से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी और गरीब, मजदूर तथा किसान के अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों की सच्चाई उजागर करें और आंदोलन को और तेज करें। जनसभा में गुरदीप चहल, ओमप्रकाश सैनी, राजेंद्र सहू, शिवचंद सैनी, रामचंद्र भाटी, किरोड़ीमल सैनी, दुर्गादत्त सैनी, शिवेंद्र सिंह, बलराम यादव, जाकिर हुसैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *