राजनगर | प्रखंड कांग्रेस पार्टी की ओर से शुक्रवार प्रखंड अध्यक्ष प्रकाश महतो की अध्यक्षता में झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन एवं शहीद निर्मल महतो को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने दोनों दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण किया तथा उनके चित्रपट्ट पर भावपूर्ण श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान प्रखंड अध्यक्ष प्रकाश महतो ने कहा कि गुरुजी ने झारखंड निर्माण के लिए जो ऐतिहासिक संघर्ष किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने आदिवासी-मूलवासी समुदायों के अधिकार, अस्मिता और सम्मान के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने कहा गुरुजी का जाना केवल एक व्यक्ति का निधन नहीं, बल्कि एक युग का अवसान है। प्रकाश महतो ने गुरुजी को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग की। कार्यक्रम में निर्मल महतो के शौर्य, नेतृत्व एवं बलिदान को भी याद किया गया। मौके पर जिला महासचिव डोमन महतो, प्रखंड उपाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष सावन सरदार, मंडलाध्यक्ष सुधीर मुर्मू, विमल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। राजनगर | झामुमो प्रखंड कमेटी की ओर से कुनाबेड़ा में शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड अध्यक्ष रामसिंह हेम्ब्रम ने किया। इस दौरान निर्मल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। श्रद्धांजलि सभा में झामुमो कार्यकर्ताओं ने उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया। झामुमो के केंद्रीय सदस्य बिशु हेम्ब्रम ने कहा निर्मल महतो झारखंड आंदोलन की वह जलती मशाल थे। जिन्होंने अपनी शहादत देकर अलग राज्य का सपना साकार किया। मौके पर केंद्रीय सदस्य बिशु हेम्ब्रम, बुद्धिजीवी मोर्चा के जिला अध्यक्ष दुर्गालाल मुर्मू, प्रखंड अध्यक्ष रामसिंह हेम्ब्रम, उपाध्यक्ष शेखर महाकुड़, पूर्व सचिव सुबोल महतो, सह सचिव, धानु टुडू, जिला संगठन सचिव, छूटू राम महतो, लखिन्द्र मार्डी, रिंकू राऊत, अनंत साहू, समेत कई अन्य कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे।


