भास्कर न्यूज | धमतरी महापुरुषों की तस्वीरों को लावारिस स्थिति में फेंकने और फिर कचरे की गाड़ी में डालकर वर्कशॉप ले जाने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस शहर अध्यक्ष गौतम वाधवानी और नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर की नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों ने सेंचुरी गार्डन के पास बापू की प्रतिमा के सामने गांधीगिरी कर प्रदर्शन किया। मौन सत्याग्रह किया। गौतम वाधवानी ने महापौर रामू रोहरा पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके चेंबर में जाकर महापुरुषों के अपमान का मुद्दा उठाया, तो इसके बावजूद तस्वीरों के साथ दुर्व्यवहार और अपमानजनक रवैया जारी रखा गया। उन्होंने सवाल किया कि इस व्यवहार से महापौर क्या साबित करना चाहते हैं। नगर निगम में महापौर और उनके एमआईसी सदस्य हठधर्मिता और निरंकुशता की सभी सीमाएं पार कर चुके हैं। इस पूरे मुद्दे को लेकर महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने मौन सत्याग्रह के माध्यम से लोकतांत्रिक आंदोलन की शुरुआत की गई। सत्याग्रह में उप नेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन, पार्षद योगेश लाल, सुमन मेश्राम, सूरज गहरवाल, भागीराम ध्रुव, गजानंद रजक, सोमेश मेश्राम, राजेश पांडे, देवेंद्र देवांगन सहित अन्य कई लोग शामिल हुए।


