अग्निकांड में फंसे 5 लोगों की जिंदगी बचाने वाले पुलिस कांस्टेबल सतनाम सिंह को डीजीपी डिस्क मिलेगी। सतनाम ने अपनी जान जोखिम में डालकर पांच युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। नीमराना के हीरो चौक स्थित यदुवंशी कॉलोनी के जय गेस्ट हाउस में बुधवार रात भीषण आग लगी थी। इस वीरता पर डीजीपी राजीव शर्मा ने उन्हें डीजीपी डिस्क से सम्मानित करने की घोषणा की है। आग में कूदे सतनाम गेस्ट हाउस के बेसमेंट में अचानक आग लगी थी, जहां ठहरे युवकों के पास बचने का कोई रास्ता नहीं था। भारी धुएं और लपटों के बीच चीख-पुकार मच गई। उसी समय रात्रि गश्त कर रहे कांस्टेबल सतनाम सिंह को सूचना मिली। सतनाम मुंह पर मफलर बांधकर आग की लपटों के बीच घुसे और धुएं के बीच बेसमेंट में फंसे सभी युवकों को बाहर निकालकर उपचार के लिए मनोहर हॉस्पिटल रवाना किया।


