डीग जिले के कामां उपखंड के जुरहरा गांव में एक पीड़ित परिवार ने जमीन विवाद में न्याय न मिलने से परेशान होकर भूख हड़ताल शुरू कर दी है। परिवार में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं, जो SDM कार्यालय के बाहर अनशन पर बैठे हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्होंने जुरहरा में पारिवारिक जमीन से जुड़े विवाद की शिकायत थाना, तहसील और उपजिला कलेक्टर कार्यालय तक की है। हालांकि अब तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। शिकायतों के बावजूद नहीं हुई सुनवाई
परिवार का कहना है कि सुनवाई के अभाव में हालात इतने बिगड़ गए हैं कि उन्हें अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर भी आशंका बनी हुई है।
तेज सर्दी में खुले आसमान के नीचे न्याय की प्रतीक्षा कर रहे परिजनों ने प्रशासनिक उदासीनता का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई, जिसके कारण उन्हें यह धरना देना पड़ा। समाधान नहीं हुआ तो जारी रखेंगे धरना
पीड़ित परिवार ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता, तब तक वे उपजिला कलेक्टर कार्यालय पर शांतिपूर्ण तरीके से धरना जारी रखेंगे। उन्होंने प्रशासन से मामले की शीघ्र और निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।


