रांची| डोरंडा स्थित डिबडीह पुल के पास कार्निवाल बैंक्वेट हॉल में 31 दिसंबर की रात आयोजित पार्टी में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद जम कर मारपीट हुई। एक युवक का सिर फट गया। वहीं कई अन्य लोगों को भी गंभीर चोट लगी है। बैंक्वेट हॉल में मारपीट होने की जानकारी मिलते ही सभी को शांत कराने के लिए पुलिसकर्मी पहुंचे, लेकिन कोई कुछ सुनने को तैयार नहीं था। पुलिसकर्मियों के सामने ही युवक मारपीट और गाली-गलौज करते रहे। इस दौरान शांत कराने का प्रयास कर रहे पुलिसकर्मियों के साथ भी गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की शुरू कर दी। पुलिसकर्मी खुद को बचाते हुए थोड़ी देर के लिए पीछे हट गए। हालांकि थोड़ी देर बाद ही सख्ती की तो सभी वहां से भाग खड़े हुए। हंगामा कर रहे लोगों का कहना था कि निर्धारित समय से पहले ही कार्यक्रम बंद कर दिया गया है। ऐसे में दोबारा प्रोग्राम चालू किया जाए। कार्यक्रम बंद होने के बाद टिकट के पैसे वापस मांग रहे थे। हालांकि आयोजन समिति के लोग पैसा वापस करने को तैयार नहीं थे। डोरंडा थानेदार ने खूद के लिखित आवेदन के आधार पर हंगामा व मारपीट करने वाले अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जिसमें पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की, धमकी और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का आरोप लगा है।


