कार की टक्कर से बच्चे का पैर टूटा, ड्राइवर 150 रुपए देकर फरार

भास्कर न्यूज | लुधियाना काकोवाल रोड स्थित गगनदीप कॉलोनी में एक तेज रफ्तार बलेनो कार ने अचानक सड़क पर आए ढाई साल के बच्चे को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा उछलकर दूर जा गिरा और उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। हैरानी की बात ये रही कि हादसे के बाद कार चालक ने मौके पर रुककर महज 150 रुपए दिए और ‘पट्टी करवा लेना’ कहकर वहां से निकल गया। जानकारी के मुताबिक, ढाई साल का प्रिंस अपनी मां के साथ घर के बाहर खड़ा था। दोनों वहां खड़ी एक गाड़ी के पीछे मौजूद थे। इसी दौरान बच्चा अचानक मां का हाथ छोड़कर सड़क की ओर दौड़ पड़ा। उसी समय बाईं तरफ से आ रही बलेनो कार की चपेट में वह आ गया। कार चालक को अचानक सामने आए बच्चे का अंदाजा नहीं हो पाया और तेज रफ्तार होने के कारण वह समय पर ब्रेक नहीं लगा सका। हादसे के बाद बच्चे की मां तुरंत उसकी ओर दौड़ी और गोद में उठाया। आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए और परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी गई। बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। बच्चे के पिता मुकेश ने बताया कि वीरवार सुबह कराए गए एक्सरे में पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है और फिलहाल बच्चे का इलाज चल रहा है। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर कार का नंबर ट्रेस किया जा रहा है। हालांकि अभी तक परिवार की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद आरोपी चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *