270 ग्राम हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार

लुधियाना| जमालपुर थाने की पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुंडिया कलां इलाके से एक युवक को 270 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। जांच अधिकारी जसविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुंडिया कलां इलाके में एक युवक नशे की खेप लेकर घूम रहा है और उसे सप्लाई करने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस ने एक युवक को शक के आधार पर रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 270 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरविंदर सिंह उर्फ गिंदा, पुत्र अवतार सिंह, निवासी मुंडिया कलां के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना जमालपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने का संदेह है। यह भी जांच की जा रही है कि हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे किन-किन लोगों तक सप्लाई किया जाना था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *