भास्कर न्यूज | कोटा रोड नंबर 5 पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर मंगलवार दोपहर को एक कार में डीजल भरवाने के बाद पैसों को लेकर विवाद हो गया। कुछ देर बाद तीन बाइक सवार कुछ युवक आए और वहां काम करने वाले कर्मचारियों के साथ मारपीट की। पेट्रोल पंप के मैनेजर अख्तर ने बताया कि दोपहर 12.30 बजे एक जोधपुर नंबर की कार में कुछ लोग सवार थे। वे डीजल भरवाने आए और इसके पैसे देने को लेकर आनाकानी करने लगे। अचानक वह कार लेकर भाग निकले। पीछा करके कर्मचारियों ने उन्हें रोेका तो झगड़ा करने लगे। इस पर कर्मचारी वापस पंप आ गए। कुछ देर में ही तीन बाइक पर कुछ युवक सरिया व लठ लेकर आए और आते ही उन्होंने कर्मचारी आदिल व भूपेंद्र के साथ मारपीट की। इसके बाद वे भाग गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसकी शिकायत अनंतपुरा थाने में दी है। सीआई भूपेंद्र सिंह का कहना है पंप कर्मचारी की ओर से कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है। मामले की जानकारी मिली थी। इसलिए पुलिस आरोपियों को तलाश रही है।


