जयपुर | सिंधी कैंप इलाके में किराए पर ली गई लग्जरी कार का जीपीएस बंद कर फरार होने के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो बदमाशों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी मनमोहन व अंकुश रोहतक हरियाणा के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कार जब्त कर ली। डीसीपी वेस्ट अमित कुमार ने बताया कि इस संबंध में वेदप्रकाश ने सिंधी कैंप थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 29 जनवरी को उनके पास ऑनलाइन बुकिंग आई थी, जिस पर उन्होंने ड्राइवर के साथ गाड़ी होटल भिजवा दी और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए फार्म भरवा लिया और दस्तावेज देने के बाद नंबर प्लेट के साथ फोटो खिंचवाकर गाड़ी सुपुर्द कर दी। आरोपियों ने आकाश व अंकुश नाम की आईडी दिखाई और दो दिन के लिए 8 हजार रुपए गाड़ी ले ली, लेकिन कुछ देर बाद ही आरोपियों ने गाड़ी का जीपीएस बंद कर दिया। साथ ही आरोपियों ने अपने मोबाइल भी स्विच ऑफ कर लिए। उक्त प्रकरण में बाद एसएचओ श्याम सुंदर के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल कर बदमाशों की पहचान की और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से किराए की कार भी बरामद कर ली। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर तस्दीक की जा रही है।


