किशनगढ़बास बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के लिए 12 दिसंबर को चुनाव होंगे। अध्यक्ष पद पर सुनील यादव और राकेश तिवारी के बीच सीधा मुकाबला है, जबकि तीन अन्य पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी खेमचंद धामाणी ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए सुनील यादव एडवोकेट और राकेश तिवारी एडवोकेट मैदान में हैं। इन दोनों के बीच कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है, जिससे चुनाव में काफी उत्साह देखा जा रहा है। कोषाध्यक्ष पद पर विपिन कुमार एडवोकेट का एकमात्र नामांकन आने के कारण उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। इसी तरह, पुस्तकालय सचिव पद पर तैय्यब खान एडवोकेट और सचिव पद पर साहिद खान द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद रविंद्र तक्षक एडवोकेट को भी निर्विरोध चुना गया। नामांकन प्रक्रिया 10 दिसंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चली थी, जिसके बाद दोपहर 2 से 4 बजे तक नामांकन वापसी का समय था। शाम 5 बजे अंतिम प्रत्याशी सूची जारी की गई। मतदान 12 दिसंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। इसके तुरंत बाद दोपहर 3:30 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी और परिणामों की औपचारिक घोषणा की जाएगी। किशनगढ़बास बार परिसर में चुनाव को लेकर गहमागहमी है। निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, चुनाव को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।


