मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत बारां जिले के किसानों को पांचवीं किस्त की राशि हस्तांतरित की। यह राशि सिरोही जिले से लाइव प्रसारण के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी गई। जिले के 1 लाख 69 हजार 635 पात्र किसानों के खातों में कुल 16 करोड़ 96 लाख 35 हजार रुपए स्थानांतरित किए गए। इस कार्यक्रम का जिला मुख्यालय, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर सजीव प्रसारण किया गया। बारां जिला मुख्यालय पर जिला परिषद के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एलईडी स्क्रीन पर सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लाभार्थी किसानों से संवाद भी किया। कार्यक्रम में विधायक राधेश्याम बैरवा, एडीएम भंवरलाल जनागल, सीईओ राजवीर सिंह चौधरी, एसडीएम विश्वजीत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कृषि वैज्ञानिक और राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर पुरस्कृत किसान उपस्थित थे।


