टीकमगढ़ में यूरिया खाद की कमी से परेशान किसानों ने मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने सड़क जाम कर दिया। इस दौरान किसानों ने जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं, खरगापुर में खाद वितरण केंद्र पर पहुंचे उपसंचालक कृषि आरके शर्मा के चार पहिया वाहन के टायर की हवा भी किसानों ने निकाल दी। एक महीने से खाद के लिए परेशान किसान दरअसल, किसान पिछले एक महीने से यूरिया खाद के लिए परेशान हैं। एक दिन पहले बल्देवगढ़ और खरगापुर में भी किसानों ने जाम लगाकर प्रदर्शन किया था। आज मंगलवार को टीकमगढ़-झांसी हाईवे रोड पर कलेक्ट्रेट दफ्तर के सामने किसान धरने पर बैठ गए। किसान बोले-कई बार चक्कर लगाने के बाद भी नहीं मिल रही खाद किसानों का आरोप है कि लगातार चक्कर काटने के बाद भी उन्हें खाद नहीं मिल रहा है। जाम लगने की सूचना मिलते ही कोतवाली और देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसडीएम और तहसीलदार किसानों को समझाने में जुटे रहे। खरगापुर में डीडीए शर्मा को किसानों ने बताया कि मंडी में दुकान नंबर 37 में एक व्यापारी ने खाद का स्टॉक कर रखा है। किसानों ने अधिकारियों के सामने दुकान खुलवाकर खाद वितरण कराने की मांग की। अधिकारी पर झूठ बोलकर मंडी लाने का आरोप इस पर डीडीए शर्मा ने किसानों से खाद वितरण कराने की बात कहकर उन्हें मंडी ले गए। हालांकि, वहां पहुंचकर वे खाद वितरण कराने से मुकर गए। उनका कहना था कि व्यापारी नहीं आ रहे हैं, इसलिए वे गोदाम सील कर रहे हैं। लेकिन किसान नहीं माने और वितरण कराने की मांग पर अड़े रहे। जब डीडीए शर्मा अपने वाहन से वापस आने लगे, तो किसानों ने उनके वाहन के टायर की हवा निकाल दी। किसानों का कहना था कि अधिकारी उन्हें तहसील के सामने से हटाने के लिए झूठ बोलकर मंडी लाए थे।


