युवक ने फांसी लगाई, “पुलिसकर्मी’ को मौत का ठहराया जिम्मेदार:सुसाइड नोट में लिखा- मेरे मां-पिता को कर रहा था परेशान, परिजनों ने की जांच की मांग

नीमच के मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम बरडिया जागीर में एक युवक मोहित पाटीदार (18) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद घर से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें मोहित ने अपनी मौत के लिए एक व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों ने इस मामले की तत्काल और निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिसकर्मी पर परेशान करने का लगाया आरोप सुसाइड नोट में मृतक ने कारू लाल गुर्जर नामक व्यक्ति का जिक्र किया है, जिसने खुद को मनासा थाने में बैठने वाला पुलिसकर्मी बताया था। घटना के समय मोहित घर पर अकेला था; उसकी मां खेत पर फसल काटने गई थीं, पिता एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने बाहर थे, और बड़ा भाई इंदौर में पढ़ाई कर रहा है। मृतक के मामा धर्मराज पाटीदार ने बताया कि मोहित ने रविवार को ही फोन पर इंस्टाग्राम पर एक युवती से बातचीत होने की जानकारी दी थी। युवती ने खुद को चित्तौड़गढ़ क्षेत्र की बताया था, हालांकि आईडी असली थी या फेक, इसकी पुष्टि नहीं हुई थी। दो व्यक्तियों पर पैसों की मांग करने का आरोप मामा के अनुसार, उसी दिन दो व्यक्ति, जिनमें से एक ने खुद को कारूलाल गुर्जर बताते हुए मनासा थाने का पुलिसकर्मी बताया, मोहित के घर आए थे। उन्होंने मोहित का फोन लेकर परिजनों के सामने युवती की इंस्टाग्राम आईडी डिलीट करवाई। परिजनों का आरोप है कि इन दोनों व्यक्तियों ने मोहित और उसके माता-पिता से पैसों की मांग भी की थी। परिजनों को शक है कि यदि इंस्टाग्राम आईडी फेक थी, तो हो सकता है कि मोहित को ब्लैकमेल किया जा रहा हो, जिसके दबाव में आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। पीएम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव सूचना मिलते ही मनासा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा बनाया और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर मनासा शासकीय चिकित्सालय के पीएम रूम में सुरक्षित रखवाया। मंगलवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। थाना प्रभारी शिव रघुवंशी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला इंस्टाग्राम आईडी से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। उन्होंने पुष्टि की कि सुसाइड नोट में कारू लाल गुर्जर नामक व्यक्ति का जिक्र है, जिसे मनासा थाने में बैठने वाला बताया गया है। हालांकि, मनासा थाने में इस नाम का कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *