बारां| आचार्य भगवंतों का सोमवार को अंता से गढ़ेपान तक विहार हुआ। अध्यक्ष राजेंद्र रंगावत, ललित श्रीमाल, गौतम बोरडिया ने बताया कि श्री गुणवर्धन शंखेश्वर जैन तीर्थ ट्रस्ट पर भगवान पार्श्वनाथ के जन्म कल्याणक महोत्सव मनाया गया। आचार्य भगवंत वर्धमान तपोनिधि प.पू. आचार्य नयचंद सागर सूरी म.सा., सहस्त्रावधानी प. पू. गणिवर्य डॉ. अजीतचंद्र सागर म.सा. व बोरडिया परिवार के कुलदीपक बालमुनि विजयचंद्र सागर म.सा., पूज्य साध्वी अमीवर्षा श्रीजी म.सा. आदि ठाणा पधारे हुए थे। जिनकी उपस्थिति में भगवान पार्श्वनाथ का जन्म कल्याणक महोत्सव सकल श्रीसंघ द्वारा पूरे उत्साह के साथ मनाया। इस दौरान आचार्य भगवंतों की उपस्थिति में अनेक धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुए। आचार्य भगवंतों का अंता से गढ़ेपान तक पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया द्वारा विहार करवाया व स्वयं इसमें शामिल हुए। पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया ने बताया कि झालावाड़ के नागेश्वर से लेकर बारां में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में लाने, यहां से कोटा तक विहार करवाने के दौरान नवयुवक मंडल, महिला मंडल एवं सकल श्रीसंघ ने बहुत सहयोग किया। महाराज साहब के विहार, गोचरी, ठहरने में नवयुवक मंडल ने विशेष सहयोग किया। भाया दंपति ने धन्यवाद दिया। इस दौरान किसी को कोई परेशानी हुई हो तो उसके लिए क्षमा याचना की। जन्म कल्याणक महोत्सव समाप्ति उपरान्त आचार्य भगवंतों द्वारा जैन तीर्थ से कोटा की तरफ विहार किया। आचार्य भगवंतों को जैन समाज बंधुओं एवं श्रीमती उर्मिला जैन भाया द्वारा जैन तीर्थ से विहार करवाते हुए अन्ता तक पहुंचाया जहां पर आचार्य भगवंतों द्वारा रात्रि विश्राम किया।


