जालंधर | थाना बारादरी के अधीन आते न्यू रजिंदर नगर स्थित घर में तीन साल से बतौर कुक काम कर रहा युवक अलमारी से एक लाख रुपए और मोबाइल फोन चुराकर फरार हो गया। इस बारे में न्यू रजिंदर नगर निवासी राजेश मेयर ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य उस पर पूरा भरोसा करते थे। वह घर के हर काम और परिवार की दिनचर्या से वाकिफ था। राजेश मेयर के अनुसार वीरवार को सुबह जब वे उठे तो अलमारी खुली हुई थी। उसमें रखे एक लाख रुपए नकद और महंगा मोबाइल फोन गायब था। पहले घर में तलाशा, पर कुछ पता नहीं चला तो शक गहराने लगा। उन्होंने कुक नीतीश के कमरे में जाकर देखा तो वह कमरा खाली था और उसका सामान भी गायब था। परिवार ने नीतीश के बारे में उसके जानकारों से भी संपर्क किया, लेकिन किसी को उसकी जानकारी नहीं मिली। थाना बारादरी के एएसआई सुखदीप सिंह ने जांच शुरू की। पुलिस ने राजेश मेयर के बयान पर यूपी निवासी नीतीश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


