संसद के शीतकालीन सत्र में वंदे मातरम् पर राजनीतिक टकराव बढ़ गया है। मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यसभा में उन नेताओं की सूची पेश की, जिन्होंने अलग-अलग मौकों पर वंदे मातरम् गाने से इनकार किया या गीत पर आपत्ति जताई थी। इस सूची में भोपाल मध्य से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद का नाम भी शामिल है। सूची सार्वजनिक होने के बाद मसूद ने कहा- मैंने किसी तरह का विरोध नहीं किया था। मैंने केवल यह कहा था कि मैं यह गीत नहीं गा पाऊंगा। उन्होंने कहा कि इस बयान में गलत क्या है। लिस्ट : इन नेताओं ने भी वंदे मातरम् गाने से किया इनकार
केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा जारी सूची में भोपाल के कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद के साथ कांग्रेस सांसद इमरान मसूद, नेशनल कॉन्फ्रेंस के आगा सैयद, सपा के जियाउर्रहमान बर्क, कांग्रेस सांसद सिद्धारमैया और आरजेडी विधायक सऊद आलम के नाम शामिल हैं। शाह ने बताया कि इन नेताओं ने विभिन्न अवसरों पर वंदे मातरम् को लेकर आपत्ति दर्ज कराई या गीत गाने से इनकार किया था। मसूद फिर बोले- मैं नहीं गा पाऊंगा, इसमें गलत क्या है
मसूद ने कहा कि किसानों को खाद नहीं मिल रही, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, लेकिन संसद में चर्चा एक गान पर हो रही है। उन्होंने कहा कि यह अफसोस और चिंता की बात है। मसूद ने कहा कि सदन में वंदे मातरम् की बात वे लोग कर रहे हैं जो स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल नहीं थे। न उनके हाथ में तिरंगा था, न उन्होंने यह गीत गाया। उनके अनुसार, हमारे पूर्वज संघर्ष में थे, गोलियां खा रहे थे। इसलिए ऐसे लोगों को इस मुद्दे पर बात करने का नैतिक अधिकार नहीं है।


