भास्कर न्यूज |लुधियाना पक्खोवाल रोड स्थित इंडोर स्टेडियम में आम आदमी पार्टी यूथ विंग की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें पार्टी के सैकड़ों युवा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस बैठक को संबोधित करने के लिए पंजाब आम आदमी पार्टी के प्रधान अमन अरोड़ा और दिल्ली से पहुंचे वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया विशेष रूप से शामिल हुए। बैठक में करीब 500 युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें पार्टी की नीतियों और आगामी योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मनीष सिसोदिया ने युवाओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर लोगों के हेल्थ कार्ड बनवाने में सहयोग करें, ताकि आम जनता और उनके परिवारों को 10 लाख रुपये तक का मेडिकल क्लेम मिल सके। सिसोदिया ने बताया कि यह स्वास्थ्य बीमा योजना 15 जनवरी 2026 से लागू की जाएगी। इस योजना का औपचारिक शुभारंभ आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान स्वयं करेंगे। मनीष सिसोदिया ने कहा कि इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसका लाभ न सिर्फ सरकारी, बल्कि निजी अस्पतालों में भी मिलेगा। उन्होंने युवाओं को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर इस योजना के बारे में लोगों को जागरूक करें और यह समझाएं कि किस तरह यह हेल्थ कार्ड उनके परिवार के लिए सुरक्षा कवच साबित होगा। वहीं पंजाब आम आदमी पार्टी के प्रधान अमन अरोड़ा ने कहा कि आज के समय में हर परिवार के लिए मेडिकल इंश्योरेंस बेहद जरूरी हो गया है। महंगे इलाज के दौर में आम आदमी पर आर्थिक बोझ न पड़े, इसी को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार यह योजना लेकर आई है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार जनता को सिर्फ वादे नहीं, बल्कि ठोस सुविधाएं दे रही है। बैठक के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों में योजना को सफल बनाने का संकल्प लिया।


