केजरीवाल की तस्वीरों पर पंजाब के मंत्री ने दी सफाई:डॉ. बलबीर बोले-AAP ने शुरू किया मिशन, 22 जनवरी से मुख्यमंत्री सेहत स्कीम शुरू

पंजाब में ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत लगाए जा रहे फ्लेक्स पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तस्वीर को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इन सवालों पर पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने स्पष्टीकरण दिया है। बरनाला में मीडिया से बात करते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने ही आम आदमी पार्टी और यह मिशन शुरू किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि केजरीवाल पार्टी के संस्थापक हैं, इसलिए उनकी तस्वीर लगाने पर कोई सवाल नहीं उठाया जा सकता। गौरतलब है कि ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के दूसरे चरण में आम आदमी पार्टी द्वारा पंजाब में अरविंद केजरीवाल की तस्वीर वाले फ्लेक्स लगाए जा रहे हैं। आलोचकों का तर्क है कि केजरीवाल किसी संवैधानिक पद पर नहीं हैं, ऐसे में सरकारी धन से उनकी तस्वीर कैसे लगाई जा सकती है। मुख्यमंत्री सेहत स्कीम को लेकर अधिकारियों संग की मीटिंग इससे पहले, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बरनाला में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशानुसार, राज्य से नशे को पूरी तरह खत्म करने के लिए ‘वॉर ऑन ड्रग्स 2.0’ अभियान शुरू किया गया है। साथ ही, लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए 22 जनवरी से ‘मुख्यमंत्री सेहत स्कीम’ औपचारिक रूप से शुरू की जा रही है। मंत्री ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री सेहत स्कीम’ के तहत प्रत्येक परिवार को सालाना 10 लाख रुपए तक के कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। इस योजना में सरकारी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और लगभग 650 निजी अस्पताल सूचीबद्ध किए गए हैं। बरनाला जिले में 247 स्थानों पर कैंप लगाए जाएंगे, जिनमें सभी 162 गांव और 85 वार्ड शामिल हैं। हर परिवार को दी जाएगी रजिस्ट्रेशन स्लिप उन्होंने कहा कि हर परिवार को एक रजिस्ट्रेशन स्लिप दी जाएगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए लगातार भर्ती की जा रही है। उन्होंने कहा कि 1400 जनरल ड्यूटी मेडिकल ऑफिसर भर्ती किए जा चुके हैं और 170 और डॉक्टर आएंगे। उन्होंने कहा कि स्पेशलिस्ट की भी भर्ती की जा रही है। इसके अलावा आम आदमी क्लिनिक भी लोगों के लिए बहुत फायदेमंद साबित हो रहे हैं और स्टाफ नर्सों की भी भर्ती की जा रही है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों के रखरखाव के लिए फैसिलिटी मैनेजरों की भी भर्ती की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *