मैहर जिले के अमरपाटन में चल रहे 43वें अखिल भारतीय फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे दिन दो रोचक मुकाबले खेले गए। पहले मैच में केरल ने बड़वानी को एकतरफा मुकाबले में 7-0 से करारी शिकस्त दी। केरल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार गोल दागे, जबकि बड़वानी की टीम एक भी गोल करने में सफल नहीं हो सकी। दिन का दूसरा मुकाबला गुवाहाटी और हिमाचल प्रदेश के बीच खेला गया, जो काफी रोमांचक रहा। दोनों टीमों ने मैच के अधिकांश समय तक कड़ी टक्कर दी। मैच के अंतिम क्षणों में गुवाहाटी के खिलाड़ी कुशल दास (जर्सी नंबर 7) ने निर्णायक गोल कर अपनी टीम को जीत दिला दी। टूर्नामेंट में प्रतिदिन दो मैच खेले जा रहे हैं। मंगलवार को होने वाले मुकाबलों में प्रताप क्लब अमरपाटन का सामना सोल्जर सतना से होगा, जबकि दूसरे मैच में सांई त्रिवेंद्रम केरल और गुवाहाटी की टीमें आमने-सामने होंगी। गुवाहाटी और केरल दोनों की टीमें अपने पहले मैच जीत चुकी हैं, इसलिए यह मुकाबला काफी रोचक होने की उम्मीद है।


