बरनाला | स्वास्थ्य विभाग की ओर से हर साल 4 फरवरी को विश्व कैंसर दिवस मनाया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों को कैंसर की रोकथाम, जल्दी पहचान और इसके उपचार के बारे में जागरूक करना है। इन विचारों का प्रकटावा सिविल सर्जन बरनाला हरिपाल सिंह सिद्धू द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि यदि कैंसर की बीमारी का शुरुआती अवस्था में पता लगा लिया जाए तो मरीज पूर्ण उपचार के बाद स्वस्थ जीवन व्यतीत कर सकता है। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी इंदु बंसल और चिकित्सा विशेषज्ञ सिविल अस्पताल बरनाला दीपलेख सिंह बाजवा ने बताया कि कैंसर शरीर के किसी हिस्से या अंग में कोशिकाओं का असामान्य जमाव है, जो धीरे-धीरे कैंसर का रूप धारण कर लेता है। उन्होंने बताया कि महिलाओं में ज्यादातर बच्चेदानी के मुंह का कैंसर और स्तन कैंसर होता है जबकि आम लोगों में मुंह का कैंसर, फेफड़ों का कैंसर, पेट और जिगर का कैंसर सामान्य रूप से पाया जाता है। कैंसर के सामान्य लक्षणों में स्तन में गांठ, मुंह में न ठीक होने वाले छाले, कमजोरी, आवाज का भारीपन, पाचन और मल त्याग की प्रक्रिया में बदलाव आदि शामिल हैं।


