जालंधर| बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने स्पोर्ट्स एवं सर्जिकल परिसर में 1.29 करोड़ रुपए की लागत के फायर स्टेशन का उद्घाटन किया। इस मौके पर श्री सुखमनी साहिब पाठ का भोग डाला गया। इस दौरान मेयर वनीत धीर, जिला योजना समिति के चेयरमैन अमृतपाल सिंह और कमिश्नर गौतम जैन भी मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार के इस प्रोजेक्ट से आग की घटनाओं पर समय रहते काबू पाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह इलाका जो मुख्य तौर पर खेल, सर्जिकल, लेदर, रबड़ उद्योगों के लिए जाना जाता है, आग की घटनाओं पर तुरंत कंट्रोल करने के लिए समय पर पहुंच की जा सकती है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कुल चार गाड़ियां तैनात की गई हैं, जिनमें 12,000 लीटर क्षमता वाली एक गाड़ी और 6-6 हजार लीटर क्षमता वाली दो गाड़ियां शामिल हैं, साथ ही एक रेस्क्यू टेंडर भी शामिल है। वहीं मेयर वनीत धीर ने कहा कि इससे आग की घटनाओं को रोकने में प्रशासन की क्षमता और बढ़ेगी। उन्होंने करोड़ों रुपए की लागत से तैयार इस प्रोजेक्ट के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार का आभार भी व्यक्त किया।


