कॉलेज एआई, सेंसिंग टेक्नोलॉजी और स्वचालित कृषि उपकरणों पर तेजी से काम कर रहा : डॉ. मनजीत

भास्कर न्यूज । लुधियाना पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (पीएयू) के डॉ. मनमोहन सिंह ऑडिटोरियम में कृषि इंजीनियरिंग कॉलेज और कम्युनिटी साइंस कॉलेज के 2018-19 से 2023-24 बैच तक के 394 छात्रों को डिग्री प्रदान की गई। साथ ही 2025 का पुरस्कार समारोह भी आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अमेरिका की जारिजा यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर एमेरिटस और 1959 में पीएयू के कृषि इंजीनियरिंग कॉलेज से गोल्ड मेडल जीतने वाले डॉ. मनजीत सिंह छीन्न रहे। उनके साथ उनकी पत्नी और पीएयू की पूर्व छात्रा डॉ. लता महाजन छीन्न भी मौजूद रहीं। समारोह की अध्यक्षता वाइस चांसलर डॉ. सतबीर सिंह गोसल ने की। उन्होंने डिग्री प्राप्त करने वाले छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए दीक्षांत समारोह की औपचारिक घोषणा की। मुख्य अतिथि डॉ. छीन्न ने कहा कि डिग्री हासिल करना केवल पढ़ाई का परिणाम नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत का सार होता है। उन्होंने कहा कि सीखने की प्रक्रिया कभी समाप्त नहीं होती और युवाओं को अपने लक्ष्य तक पहुंचने तक लगातार प्रयास करते रहना चाहिए। डॉ. छीन्न ने कृषि इंजीनियरिंग कॉलेज की देश की कृषि मशीनीकरण में निभाई भूमिका को सराहा, वहीं कम्युनिटी साइंस कॉलेज के योगदान को रेखांकित करते हुए ग्रामीण महिलाओं की पोषण और सशक्तिकरण में इसकी महत्ता बताई। आज का समय केवल अनाज उत्पादन नहीं, बल्कि परिवार और समाज की पोषण आवश्यकताओं को पूरा करने का भी है, जिसमें कम्युनिटी साइंस की पढ़ाई अहम भूमिका निभाती है। कृषि इंजीनियरिंग कॉलेज के डीन डॉ. मनजीत सिंह ने कॉलेज की अकादमिक और शोध उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने बताया कि कॉलेज एआई, सेंसिंग टेक्नोलॉजी और स्वचालित कृषि उपकरणोंपर तेजी से काम कर रहा है। डॉ. सिंह ने नए इंजीनियरों को यूनिवर्सिटी की परंपरा और मर्यादा को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। इसी दौरान बीटेक (कृषि इंजीनियरिंग) के छात्रों को डिग्री औरगोल्ड मेडल प्रदान किए गए। कम्युनिटी साइंस कॉलेज की डीन डॉ. किरण बैंस ने कॉलेज के विभिन्न कोर्स, इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए चल रहे प्रशिक्षणकार्यक्रमों की जानकारी दी। बीएससी (ऑनर्स) होम साइंस, न्यूट्रीशन एंड डाइटेटिक्स, फैशन डिजाइनिंग और इंटीरियर डिजाइनिंग के छात्रों को उनकी डिग्री और मेडल देकर सम्मानित किया गया। वाइस चांसलर डॉ. गोसल ने मुख्य अतिथि डॉ. छीन्न को सम्मानित किया। पूरे समारोह के दौरान छात्रों का उत्साह और ऊर्जा देखने लायक रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *