कॉस्मेटिक की शॉप से 9 लाख रुपए नगदी चोरी करने वाले 2 युवकों को कोतवाली थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक आरोपी पूर्व में उसी दुकान पर नौकरी करता था। जिसे दुकान की समस्त जानकारी थी। पुलिस ने आरोपियों से 2 लाख 9 हजार रुपए नगदी बरामद की है। कोतवाली थाना पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ में जुटी है। सोमवार को मामले का खुलासा सीओ रूद्रप्रकाश शर्मा की ओर से किया गया। सीओ रूद्रप्रकाश शर्मा ने बताया कि बलदेव नगर निवासी भगवान हरपालनी ने थाने पर मुकदमा दर्ज करवाया था। पीड़ित अपनी शिकायत देकर बताया कि उसकी चूड़ी बाजार में गणपति टावर स्थित न्यू फैशन के नाम से दुकान है। दुकान के ताले तोड़कर गल्ले में रखे 9 से 10 लख रुपए नगदी चोरी कर फरार हो गए। मामले में मुकदमा दर्ज कर टीम का गठन किया गया और कार्रवाई के निर्देश दिए गए। 150 से ज्यादा सीसीटीवी किए चेक सीओ रूद्रप्रकाश शर्मा ने बताया कि टीम के द्वारा डेढ़ सौ से अधिक सीसीटीवी चेक किए गए। इसी दौरान टीम को दुकान पर पूर्व में काम करने वाले कर्मचारी मुकेश पर शक हुआ था। टीम के द्वारा कार्रवाई करते हुए नागफणी निवासी मुकेश सिंह (26)पुत्र लाल सिंह और जयपुर निवासी हनुमान (27)पुत्र स्वरूप को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात करना कबूल किया था। पुलिस ने मुकेश से 2 लाख 9 हजार रुपए नगदी बरामद की है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सीओ रूद्रप्रकाश शर्मा ने बताया कि मुकेश आज से 1 साल पूर्व इस दुकान पर नौकरी करता था। इस कारण वह दुकान की समस्त जानकारी रखता था। पूर्व में भी आरोपी ने हेरा फेरी की तब पीड़ित व्यापारी को पता चलने पर उसे नौकरी से निकाल दिया था। आरोपी बेरोजगार था जिसने अपने साथी हनुमान व अन्य लोगों के साथ रैकी कर इस वारदात को अंजाम दिया।


