कोंडागांव में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना शुरू:ग्रामीण अंचल को जिला मुख्यालय से जोड़ने मिलेगी यातायात सुविधा, विधायक ने किया शुभारंभ

कोंडागांव जिले में 5 अक्टूबर को मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का शुभारंभ किया गया। बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और स्थानीय विधायक लता उसेंडी ने पुराने बस स्टैंड से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण अंचल को जिला मुख्यालय से जोड़ना और आम नागरिकों को सुलभ यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है। यह राज्यव्यापी योजना है, जिसकी शुरुआत शनिवार को जगदलपुर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बसों को हरी झंडी दिखाकर की थी। कोंडागांव जिले में योजना के तहत पहली बस सेवा सुंदर ट्रेवल्स की ओर से प्रारंभ की गई है। शुरुआती चरण में बस का संचालन कोंडागांव से विश्रामपुरी मार्ग पर किया जा रहा है। यह बस प्रतिदिन सुबह 7 बजे विश्रामपुरी से कोंडागांव के लिए रवाना होगी और वापसी में सुबह 10 बजे कोंडागांव से विश्रामपुरी जाएगी। इस प्रकार प्रतिदिन दो फेरे लगाए जाएंगे। इससे उन ग्रामीण क्षेत्रों को सीधी बस सुविधा उपलब्ध होगी जहां पहले परिवहन सेवाएं सीमित थीं। हजारों ग्रामीणों को मिलेगी सीधी परिवहन सुविधा क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि अगले चरण में विकासखंड माकड़ी के क्षमतापुर से कोंडागांव तक भी मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के अंतर्गत बस सेवा प्रारंभ करने की तैयारी की जा रही है। इससे दूरस्थ अंचलों के हजारों ग्रामीणों को सीधी परिवहन सुविधा मिलेगी और जिला मुख्यालय तक उनकी पहुंच आसान होगी। विधायक लता उसेंडी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विकास को नई गति मिल रही है। ग्रामीण बस योजना इसका एक महत्वपूर्ण उदाहरण है, जो गांव और शहर के बीच की दूरी कम करेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *