कोडागांव| गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय के विकास नगर स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ध्वजारोहण करेंगी। शनिवार को गणतंत्र दिवस समारोह आयोजन की तैयारियों का अंतिम रिहर्सल किया गया। इस दौरान कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना और पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने तैयारियों का जायजा लिया तथा सभी आवश्यक व्यवस्था एवं तैयारी समय पूर्व सुनिश्चित किये जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये।गणतंत्र दिवस समारोह आयोजन के अंतिम रिहर्सल में मुख्य अतिथि की भूमिका में अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर रहे। इस दौरान परेड कमांडर उप पुलिस अधीक्षक सतीश भार्गव और सेकेंड इन कमांड एएसआई दिनेश कुमार डहरिया के नेतृत्व में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल की 29वीं और 41वीं बटालियन, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस, बस्तर फाइटर और नगर सेना की पुरुष और महिला दल, एनसीसी और एनएसएस के बालक और बालिका दल की टुकड़ियों ने मार्चपास्ट का अंतिम अभ्यास किया। इसके साथ ही स्कूली बच्चों के द्वारा व्यायाम और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अभ्यास भी किया गया।


