भास्कर न्यूज | गरियाबंद जिले में नक्सलियों के आत्मसमर्पण के बाद अब उनके द्वारा जंगलों में डंप किए गए हथियार और विस्फोटक सामग्री की खोजबीन लगातार जारी है। इस अभियान में खुद आत्मसमर्पित नक्सली भी पुलिस की मदद कर रहे हैं। उनके बताए स्थानों पर बीते सात दिनों में सुरक्षाबलों ने जिले के तीन अलग-अलग क्षेत्रों से भारी मात्रा में डंप सामग्री जब्त की है। इसमें 303 रायफल, देशी पिस्टल, डेटोनेटर, कारतूस सहित कई उपकरण शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि आत्मसमर्पण के बाद भी जंगलों में भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री मौजूद होने की संभावना है। यह भविष्य में किसी अप्रिय घटना का कारण बन सकता है या असामाजिक तत्वों के हाथ लग सकता है। इस खतरे को देखते हुए लगातार सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को आत्मसमर्पित नक्सलियों की निशानदेही पर मैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुकरार और पीपरछेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम कमारभौदी के जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में सर्चिंग की गई।


