बीजापुर| हरियाणा में आयोजित सब जूनियर नेशनल सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ की टीम ने कमाल किया है। बालिका श्रेणी में छत्तीसगढ़ को स्वर्ण पदक मिला है, जबकि बालक वर्ग की टीम ने कांस्य पदक जीता है। इसमें छत्तीसगढ़ की टीम से खेल रहे बीजापुर के खिलाड़ियों ने सराहनीय प्रदर्शन किया। बालिका टीम में अनुराधा, रितिका, अस्मिता, शिल्पी और त्रिवेणी, जबकि बालक वर्ग में लक्ष्य, सूर्य और एबिल ने छत्तीसगढ़ की टीम की तरफ से मैदान में अपना लोहा मनवाया। इसके साथ ही इस महीने के आखिर में होने वाले एसजीएफआई स्कूल नेशनल गेम्स के लिए भी बीजापुर के 18 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। विजेता व चयनित खिलाड़ियों ने शनिवार को कलेक्टर संबित मिश्रा व खेल प्रभारी नारायण प्रसाद गवेल से मुलाकात की। इस दौरान सॉफ्टबॉल के अंतर्राष्ट्रीय कोच व जिला श्रम निरीक्षक सोपान कर्णेवार मौजूद थे।


