कोटपूतली नगर परिषद ने की अतिक्रमण पर कार्रवाई:बुधवार-शुक्रवार को चलेगा विशेष अभियान, अवैध निर्माण हटेंगे

कोटपूतली नगर परिषद ने कलेक्टर के आदेशों की पालना करते हुए अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कदम प्रशासनिक व्यवस्था और सड़क सुरक्षा अभियान को ध्यान में रखते हुए उठाया गया। मुख्य मार्गों और फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने के लिए हर बुधवार और शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया गया है। नगर परिषद ने दुकानदारों, ठेला संचालकों और रेहड़ी वालों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। उन्हें शहर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए कचरा पात्र रखने को भी कहा गया है। इस अभियान के लिए अधिशाषी अभियंता दीपक मीणा को प्रभारी नियुक्त किया गया है। जेईएन कृष्ण कुमार गुर्जर, भादर सिंह यादव, वरिष्ठ प्रारूपकार मोहन लाल गुर्जर, एएफओ सत्यनारायण वर्मा, कनिष्ठ सहायक रतिराम गुर्जर और लीडिंग फायरमैन दीपचंद योगी सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ये सभी निर्धारित दिनों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम देंगे। नगर परिषद प्रशासन ने बताया कि शहर में सुगम यातायात व्यवस्था और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान अत्यंत आवश्यक है। नागरिकों से इस पहल में सहयोग की अपील की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *