जिले के कैथून थाना क्षेत्र से निकल रहे दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार को निजी स्लीपर बस हादसे का शिकार हो गई। हादसे में चालक और उसके साथी की मौके पर ही मौत हो गई। बस में सवार 12 यात्री घायल हो गए। एडिशनल एसपी (कोटा ग्रामीण) रामकल्याण मीणा ने बताया कि हादसे में ढाणी मंडाना के गिरिराज रेबारी (40) और बजरंग नगर कोटा के श्यामसुंदर सेन (44) की मौत हुई है। ड्राइवर का शव गाड़ी में बुरी तरह फंस गया था, जिसे मशक्कत के बाद निकाला गया। दुर्घटना तड़के करीब 4:30 बजे हुई, जब दिल्ली से इंदौर जाने वाली राज कल्पना ट्रेवल्स की बस पारलिया गांव के पास आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। बस में 42 यात्री थे। बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से घायलों को कोटा मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल पहुंचाया। हादसे का प्रारंभिक कारण ड्राइवर को झपकी आना माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है। दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस-वे के इस हिस्से में ट्रैफिक शुरू होने के एक साल के भीतर यह पांचवीं बड़ी दुर्घटना है। यात्री सौरभ ने बताया कि बस तेज गति से चल रही थी। मैंने ड्राइवर से बोला कि गाड़ी धीरे चलाएं, लेकिन उसने अनसुना कर दिया। बहरोड़ : टॉयलेट के लिए कार से उतरे ज्वैलर को डंपर ने कुचला, मौत बहरोड़| जयपुर–दिल्ली नेशनल हाईवे-48 पर गुरुवार देर रात करीब 2 बजे ट्रक यूनियन के पास पत्थरों से भरे तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़ी कार से टॉयलेट के लिए उतरे ज्वैलर को कुचल दिया। डंपर ज्वैलर को करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ उपवन सोसायटी के सामने तक ले गया। इसके बाद तीनों दोस्त चिल्लाते हुए दौड़े। एक कार और बाइक सवार ने तुरंत डंपर के आगे गाड़ी लगाकर उसे रुकवाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस व दोस्तों ने डंपर में गंभीर रूप से फंसे ज्वैलर को बाहर निकालकर 108 एम्बुलेंस की सहायता से राजकीय विशंभर दयाल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान दिल्ली के ज्वालापुरी, कैम्प नंबर 5 R-367 निवासी गौरव वर्मा (38) पुत्र राकेश वर्मा के रूप में हुई।


